रेश्मा मंसूरी का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
मीरानपुर कटरा। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंटेनर की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई। बाइक चला रहा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया है।
मंगलवार को शाम पांच बजे बरेली के फरीदपुर के बुखारा मार्ग पर स्थित मोहल्ला मठिया नखासा के रहने वाले नवी शेर मंसूरी की पत्नी रेशमा मंसूरी (45) अपनी बेटी के घर तिलहर जा रहीं थीं। बाइक बेटा सोनू मंसूरी चला रहा था। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर फार्म नंबर तीन के सामने पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में बाइक आ गई। बाइक पर पीछे बैठी रेशमा मंसूरी की कंटेनर से कुचलकर मौके पर मौत हो गई। वहीं सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल सोनू को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में कंटेनर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक गौरव त्यागी ने बताया कि घटना के बाद कंटेनर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसको पकड़ लिया गया।