पुवायां। बंडा पुलिस ने अश्लील हरकतें करने और पीटने की रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो पीड़िता शनिवार को तहसील समाधान दिवस में सीओ के सामने फफककर रो पड़ी। सीओ ने रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
समाधान दिवस में बंडा के एक गांव की महिला सीओ के सामने पहुंचकर रोने लगी। महिला ने बताया कि 17 नवंबर को पुवायां के गांव जिगनिया मुजप्ता निवासी अवधेश उनके गांव में रिश्तेदारी में गया था। आरोपी उनके घर में घुस आया और अकेला देखकर अश्लील हरकतें करने लगा। शोर मचाने पर आरोपी के दो रिश्तेदार भी मौके पर आ गए और गाली गलौज करते हुए पीट दिया।
आरोपियों ने धमकी दी कि कहीं शिकायत करने पर जान से मार देंगे। उन्होंने बंडा थाने जाकर तहरीर दी तो थाना प्रभारी ने रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। महिला ने शिकायत के साथ शपथ पत्र भी प्रस्तुत किया। सीओ पंकज पंत ने मौके पर मौजूद बंडा थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्य को बुलाकर महिला की रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। सीओ ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी।