संपूर्णानगर। प्रसव के दौरान महिला की मौत के बाद परिजन ने डॉक्टर पर मुंह मांगा पैसा न देने पर गलत इलाज का आरोप लगाया। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री समेत स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
पीलीभीत के थाना हजारा के टाटरगंज निवासी मंगत सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी को 12 सितंबर को 11 बजे दिन में अस्पताल लाया था। इस दौरान उससे संचालिका ने 20 हजार रुपये मांगे, लेकिन 12 हजार रुपये देने पर संचालिका गुस्से में अंदर चली गई। थोड़ी देर बाद उसकी पत्नी की मौत की खबर बताई गई।
आरोप है कि अस्पताल में पत्नी की डिलीवरी नॉर्मल की गई, लेकिन उसके बाद डॉक्टर ने पैसे मांगे थे। आरोप है कि 20 हजार की जगह 12 हजार रुपये देने पर गलत इलाज से उसकी पत्नी की मौत हुई है। मंगत सिंह ने मुख्यमंत्री पोर्टल समेत स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न पोर्टलों पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उधर, संचालिका हरप्रीत कौर ने बताया कि पीड़ित झूठा आरोप लगा रहे हैं। मेरे पास जच्चा बच्चा दोनों सही पाए गए थे। उधर, सीएचसी अधीक्षक पलिया डॉक्टर भरत सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।