शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के गांव मुड़िगवां निवासी मोहित की पत्नी हेमवती (21) की घर के पीछे खेत में तारों में प्रभावित करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह शौच के लिए खेत पर गई थी। मृतका के पति ने खेत मालिक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
मोहित के घर के पीछे खेत है। खेत में सरसों व बरसीम को बोया गया था। सरसों को जानवरों से बचाने के लिए खेत मालिक ने चारों तरफ तार खींचने के बाद उसमें करंट छोड़ दिया था। मंगलवार सुबह पांच बजे मोहित की पत्नी हेमवती शौच के लिए खेत पर गई थी। तभी वह तार के संपर्क में आ गई। करंट लगने से उसकी मौत हो गई। काफी देर तक हेमवती के नहीं आने पर परिजन पहुंचे। हेमवती को बेसुध देखकर उसे लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। दो वर्ष पहले मोहित और हेमवती की शादी हुई थी। हेमवती का मायका अकौरा थाना पिहानी जिला हरदोई में है। उसका एक साल का बेटा है।