0 चौक कोतवाली पुलिस ने चार दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया
0 खुद को भूखा हाेने की बात कहते हुए महिला को विश्वास में लिया था
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी निवासी सुशीला कश्यप के साथ आवास विकास परिषद कॉलोनी के पास ठगी की घटना हो गई। उनके कानों के टॉप्स व रुपये ठगने के बाद ई-रिक्शे से गर्रा पुल के पास भिजवा दिया। होश में आने के बाद पीड़िता ने अजीजगंज चौकी पर तहरीर दी है। पुलिस ने चार दिन के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
सुशीला कश्यप मोहल्ला अजीजगंज में रजाई एवं गद्दों की सिलाई करती हैं। 25 फरवरी को वह धागा लेने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज के गेट के पास आईं थीं। तभी एक व्यक्ति उनके पास आया और कहने लगा कि मालिक के वेतन नहीं देने की वजह से वह भूखा है। वह सुशीला से खाना खिलाने के लिए कहने लगा। सुशीला उसके साथ बरेली मोड़ चौराहे पर आ गईं। यहां आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी बरेली मोड़ के प्रथम गोल चौराहे पर उस व्यक्ति का दूसरा साथी खड़ा था। महिला के मुताबिक, ठग ने अपनी जेब से एक रुमाल निकाला। उसमें सुशीला के सोने के कानों के टॉप्स और एक हजार रुपए रखवा लिए। इसके बाद उसे बेहोश कर, ई-रिक्शा पर बैठाकर गर्रा पुल पर भिजवा दिया। होश आने पर सुशीला को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने अजीजगंज चौकी पर मामले की शिकायत की। उसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें ठगी के आरोपी देखे गए हैं। चार दिन बीत जाने के बाद भी मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। थाना प्रभारी राजीव तोमर ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें नहीं है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।