तिलहर पुलिस के गिरफ्त में अजना चोरी के आरोपी दोनों भाई। स्रोत: पुलिस
तिलहर (शाहजहांपुर)। मोबाइल टावर से अजना उपकरण चोरी किए जाने के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है।
क्षेत्र में मोबाइल टावर से अजना उपकरण चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मामले में पुलिस टीम ने बुधवार को हाईवे स्थित फिरोजपुर पुलिया के पास से मुरादाबाद के थाना पाकबाड़ा के गांव नगला बनवीर निवासी सगे भाई विकास कुमार और राजू सिंह उर्फ लाडला को पकड़ लिया। उनके पास से तीन अजना व अन्य सामान बरामद किया गया। आरोपी राजू ने बताया कि वह और उसका बड़ा भाई विकास व विकास का साला मानव निवासी रामपुर तीनों मोबाइल टावर में नाैकरी करते थे। कंपनी से निकाल दिए जाने के बाद तीनों मिलकर अजना नाम के उपकरण को चोरी करने लगे। उपकरण चोरी करने के बाद आगरा के आकाश राठौर को बेच देते थे।
तिलहर थाना प्रभारी विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों ने 22 सितंबर को कपसेड़ा टावर से दो और 18 सितंबर को कटरा व खुदागंज क्षेत्र में अजना चोरी करना स्वीकार किया है।