तिलहर पुलिस की गिरफ्त में नकली गुटखा, बीड़ी बनाते पकड़े गए आरोपी। स्रोत: पुलिस
तिलहर। बिना लाइसेंस के फर्जी तरीके से ब्रांडेड कंपनी मार्का वाले रैपर लगाकर चाय की पत्ती, गुटखा और नकली बीड़ी बनाने वाले गिरोह का भंडाफाेड़ हुआ है। पुलिस ने पैकिंग करने वाले उन्नाव व कानपुर के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सरगना समेत दो लोग भाग गए। दावा है कि बरामद माल की कीमत करीब दस लाख रुपये होगी।
मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सलेमाबाद पट्टी निवासी अली हसन के गोदाम में छापा मारा। यहां से उन्नाव जिले के थाना गंगाघाट के शुक्लागंज निवासी अनूप चौरसिया व कानपुर के थाना कलेक्टरगंज निवासी कमल कश्यप को गिरफ्तार किया। यहां से बड़ी मात्रा में ब्रांडेड कंपनी की चाय की पत्ती, बीड़ी, तंबाकू, पान मसाला के रैपर वाले नकली प्रोडक्ट बरामद किए। सीओ तिलहर अमित चौरसिया ने बताया कि आरोपी अलग-अलग स्थानों से खुला माल लाते थे। कंपनी के फर्जी रैपर प्रयोग कर माल तैयार कर बिक्री करते थे। इनके पास कोई लाइसेंस भी नहीं था।
-
सरगना पुलिस पकड़ से अभी दूर
-पुलिस ने नकली माल को तैयार करने वाले कारीगरों को गिरफ्तार कर लिया है। सरगना अभी फरार है। पुलिस ने अपनी जांच में अलीहसन का नाम भी शामिल किया है। जबकि एक अन्य व्यक्ति का नाम भी चर्चा में आया है। पुलिस की जांच में अभी कई और नाम भी प्रकाश में आ सकते हैं।