शाहजहांपुर/मिर्जापुर। कलान के भैंसार बांध पर मंगलवार को चौथे दिन गंगा का जलस्तर दस सेमी. बढ़कर 143.40 मीटर हो गया। इससे फर्रुखाबाद जिले की सीमा में शमशाबाद-जलालाबाद स्टेट हाईवे पर पानी और बढ़ गया। इसके बाद हाईवे से दुपहिया समेत हल्के चार पहिया वाहनों का आवागमन रुक गया है। मिर्जापुर क्षेत्र के कई तटवर्ती गांव भी बाढ़ से घिर गए हैं।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष को विभिन्न बांधों-बैराजों से सुबह प्राप्त सूचनाओं के अनुसार नरौरा बैराज से पानी की निकासी 40 हजार 946 क्यूसेक घट गई। इसके बावजूद दो दिन पहले नरौरा से छूटा पानी यहां पहुंचने से गंगा में उफान बढ़ रहा है। बताया गया कि नरौरा बैराज से अभी एक लाख 56 हजार 126 क्यूसेक पानी निकल रहा है। इसलिए गंगा के जलस्तर में बुधवार को भी बढ़ोतरी जारी रहने के आसार हैं। ऐसे में शमशाबाद-जलालाबाद हाईवे यातायात पूरी तरह बंद होने की नौबत आ सकती है। हाईवे पर फर्रुखाबाद जिले में चौरा ढाई गांव के पास करीब दो किमी के दायरे में तीन फुट पानी चल रहा है।
इसके बावजूद ट्रक, प्राइवेट बस, ट्रैक्टर आदि बड़े भारी वाहन खतरे के बीच बेपरवाह होकर निकल रहे हैं। बाढ़ का पानी वेग से निकलने से हाईवे के जलमग्न हिस्से में तमाम गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में बीते दिन एक कार फंसने के बाद हल्के चार पहिया वाहनों का यातायात थम गया है। मिर्जापुर क्षेत्र में गंगा के किनारे बसे पैलानी उत्तरी, इस्लामनगर, कमथरी, बांसखेड़ा, नगला बसोला, चितार, आजादनगर आदि गांवों के चारों ओर पानी भर रहा है। इस्लामनगर और नगला बसोला गांव के संपर्क मार्ग कई जगह डूब जाने से ग्रामीणों को जरूरी कामों से गांव से बाहर निकलना कठिन हो गया है।