भावलखेड़ा/शाहजहांपुर। किशोरी की गोली लगने से मौत के मामले में परिवार और पुलिस के निशाने पर आए आरोपी की करतूत ही प्राथमिक तौर पर घटना की वजह लग गई है। परिवार के मुताबिक आरोपी युवक के घर तक शिकायत की जा चुकी थी पर वह बेटी को फोटो वायरल करने की धमकी लगातार दे रहा था।
किशोरी को गोली लगने के बाद सबसे पहले उसकी बड़ी बहन शव के पास पहुंची। शव के करीब ही लाइसेंसी बंदूक पड़ी थी। बंदूक की नाल सिर की ओर और बट पैरों की तरफ थी। उसने पिता को कॉल कर घटना की सूचना दी। वह बदहवास से घर पहुंचे। पड़ोसियों ने फायर की आवाज सुनी तो वह पहुंच चुके थे पर मोहल्ले वालों को घटना की जानकारी तब हो सकी जब पुलिस की गाड़ी सायरन बजाती गली में घुसी।
पुलिस ने पूछताछ कर क्राइम सीन तैयार किया। पिता ने बताया कि आरोपी युवक उनकी बेटी को आए दिन प्रताड़ित करता था। उसने बेटी के कुछ फोटो इंस्टाग्राम में डालकर वायरल कर दिए थे। बेटी को धमकाया था कि उसके पास कुछ और फोटो हैं जिन्हें वायरल कर देगा। बेटी ने जब यह बात उन्हें बताई तो उन्होंने आरोपी के घर जाकर शिकायत की थी। इसके बावजूद आरोपी की हरकतें कम न हुईं। बताया कि बेटी ने आरोपी से कहा था कि अगर वह उसे बदनाम करेगा तो वह आत्महत्या कर लेगी। हुआ भी वही, बेटी ने प्रताड़ना और उकसावे के कारण आत्महत्या की है। पिता शाम को आरसी मिशन थाने में पहुंचे और दरोगा को तहरीर दी। उन्होंने इंस्टाग्राम में डाले फोटो भी पुलिस को मुहैया कराए।
शुरू में पुलिस को संदिग्ध लगा मामला
किशोरी की मौत के मामले में शुरू में पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घटनाक्रम संदिग्ध लगा था। हालांकि पूछताछ में जब साफ हुआ कि घर पर किशोरी अकेली थी तो स्थिति बदली। बाद में पिता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी। एसपी सिटी संजय कुमार शाम को स्थिति स्पष्ट न होने की बात कह रहे थे। रात में उन्होंने कहा कि पिता ने युवक पर आरोप लगाए हैं। उनकी तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट लिखी जाएगी। जांच और गिरफ्तारी में कोई और तथ्य आया तो उसे भी शामिल करेंगे।
एक वर्ष पहले हुई थी मां की मौत
किशोरी की मां की एक साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। उसके बाद किशोरी व उसकी बड़ी बहन ही घर को संभाल रहीं थीं। पिता एक धार्मिक संगठन से जुड़े होने के कारण सेवा कार्य में लगे रहते थे। तीन महीने से उन्होंने संगठन छोड़ दिया था और घर पर रहने लगे थे।
बंदूक चलाना जानती थी बेटी
पिता के नाम पर दर्ज बंदूक कमरे के अंदर रखी थी। वहीं पर कारतूस भी थे। पिता के मुताबिक, बेटी बंदूक चलाना जानती थी। पुलिस ने बंदूक कब्जे में ले ली।