जलालाबाद में दीवार गिरने की खबर में--- मृतक बुधपाल फाइल फोटो।संवाद
शाहजहांपुर। रविवार शाम आई आंधी में जिले में दो स्थानों पर दीवार गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक बालक घायल हो गया।
जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव कोठी वाला बाग में रविवार शाम टिन के नीचे सो रहे बुधपाल (35) की ईंट की दीवार गिरने से दबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
होरी लाल का इकलौते बेटा बुधपाल मजदूरी न मिलने के कारण घर पर ही था और टिन पड़े कमरे में चारपाई पर सो रहा था। उसके घर के पीछे इतवारी का मकान है। इस मकान की छत पर तीन साइड दीवार खड़ी है लेकिन लिंटर नहीं पड़ा है। शाम करीब पांच बजे आंधी से एक दीवार होरीलाल के घर की तरफ टिन पर जा गिरी। इसके अंदर चारपाई पर लेटा बुधपाल उसके मलबे में दब गया। घरवाले मलबे से बुधपाल को निकालकर सीएचसी लेकर गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधपाल अविवाहित था। माता-पिता की मौत हो चुकी है। दो बहनों की शादी हो जाने के बाद वह घर में अकेला रहता था।
सेहरामऊ दक्षिणी। कस्बा निवासी राजेश का नौ वर्षीय पुत्र राहुल रविवार शाम करीब चार बजे आंधी में अपने पेड़ के पास आम बीनने गया था। पड़ोस में खड़ी दीवार गिर जाने से उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। राहुल सेहरामऊ स्थित प्राइमरी विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र है।