शाहजहांपुर। मलेरिया और वायरल बुखार के मरीज दूसरों को बीमारी बांट रहे हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने तक मरीज मास्क नहीं लगा रहे हैं। भीड़ में खांसते व छींकते समय संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है।
अस्पताल में जगह-जगह मास्क लगाने के निर्देश चस्पा होने के बाद भी मरीज संज्ञान नहीं ले रहे हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में इन दिनों बड़े पैमाने पर मरीज पहुंच रहे हैं। पहले जहां ओपीडी 1400 से 1500 मरीजों की होती थी। इस समय करीब ढाई हजार के करीब पहुंच गई है। वैसे मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों को मास्क लगाने के लिए प्रेरित करने के लिए जगह-जगह पर स्लोगन चस्पा किए गए हैं। अस्पताल के सुरक्षा गार्ड भी लोगों को रोकते-टोकते हैं, उसके बाद भी लोग मास्क को आदत में लाने के लिए तैयार नहीं हैं।
ट्रामा सेंटर के विस्तार ने पकड़ी तेजी
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रामा सेंटर को बड़ा करने के काम ने तेजी पकड़ ली है। ट्रामा सेंटर के गेट को उखाड़कर थोड़ा आगे बढ़ाकर लगाया गया है। वहां से स्लैब भी तोड़ दिया गया है। प्रयास है कि ट्रामा सेंटर में अधिक स्ट्रेचर पड़ सकें और लोगों को सामाजिक दूरी के नियम के मुताबिक दूर-दूर भर्ती कर इलाज मिल सके।
लोगों को मास्क लगाने के लिए सुरक्षा गार्ड बराबर कहते रहते हैं। अस्पताल आने वाले मरीजों को मास्क का प्रयोग करने के लिए निर्देश दिए जाएंगे। - डॉ. एयूपी सिन्हा, सीएमएस