तिलहर। ग्राम पंचायत अमनपुर और उसके मजरा खनपुरा में नालियां कीचड़ से अटी हैं। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। इससे गर्मी के मौसम में बीमारी फैलने की आशंका है। मंगलवार को ग्रामीणों ने क्षेत्र पंचायत कार्यालय पर प्रदर्शन कर बीडीओ ब्रजेश मिश्र को ज्ञापन सौंपा।
मंगलवार दोपहर तमाम ग्रामीण क्षेत्र पंचायत कार्यालय पहुंचे। उन्होंने गांव में सफाई न होने पर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में पांच सफाई कर्मचारियों नियुक्त हैं, इसके बावजूद सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। एडीओ पंचायत से कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों ने बीडीओ को ज्ञापन देकर शीघ्र सफाई कराने की मांग की।
बीडीओ ने ग्रामीणों को सफाई कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। ज्ञापन देने वालों में मोहित वर्मा, मुनेंद्र, अरविंद, मुरलीधर वर्मा, अशोक कुमार, रामकुमार, राम अवतार, रियातुल्ला आदि शामिल रहे। इधर, ग्राम प्रधान राशिद ने बताया कि गांव में पांच सफाई कर्मचारियों की तैनाती है, इनमें से एक सफाई कर्मचारी एडीओ पंचायत के यहां और एक सीडीओ के यहां काम करता है। गांव में तीन सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी है। वे दो दिन ग्राम पंचायत डभौरा में काम करते हैं।