- कोविड से निपटने के लिए सीएचसी पर 15, रेलवे स्टेशन व रोडवेज पर लगाईं टीमें
- जलालाबाद, खुदागंज, खुटार और राजकीय मेडिकल कॉलेज में आज होगी मॉकड्रिल
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। प्रदेश में बढ़ते कोविड के मामलों को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशन और रोडवेज समेत सीएचसी पर कोरोना की जांच की जा रही है। दूसरी ओर व्यवस्थाओं को परखने के लिए मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज व पांच सीएचसी पर मॉकड्रिल सुबह 11 बजे होगी।
कोरोना के मामलों में एक बार फिर से उछाल आया है। पड़ोसी जिले लखीमपुर के कस्तूरबा विद्यालय की कई छात्राओं के कोविड से पीड़ित होने के बाद जिले में सक्रियता बढ़ा दी गई है। सोमवार को प्रमुख सचिव द्वारा ऑनलाइन बैठक में सीएमओ समेत अन्य अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी डॉ. पीपी श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को जलालाबाद, खुटार, खुदागंज, ददरौल, कटरा व राजकीय मेडिकल कॉलेज में कोरोना के मरीज को भर्ती करने की व्यवस्था को परखा जाएगा। इसके लिए मॉक ड्रिल का आयोजन होगा। मॉक ड्रिल के लिए अधिकारियों को नियुक्ति भी कर दी गई।
जांचों का दायरा बढ़ाने का किया दावा
स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर से कोरोना की जांचों को शुरू करा दिया। एसीएमओ डॉ. पीपी श्रीवास्तव ने बताया कि 15 ब्लॉकों पर स्थित सीएचसी में टीमें कोविड की जांच कर रही है। रेलवे स्टेशन, रोडवेज पर टीमों को लगाकर जांच कराई जा रही है। इसी तरह ओसीएफ स्थित सेंटर पर भी जांच की व्यवस्था दी गई।