शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में जमीन पर लेटे मरीज
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था चरमरा गई है। महिला अस्पताल में मरीजों को बेड नहीं मिल पा रहे हैं। इसके चलते जमीन पर लेटाकर मरीजों का इलाज किया जा रहा। गर्भवती महिला का जमीन पर लेटे हुए वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन के अधिकारियों ने संज्ञान लिया है।
जिला अस्पताल को करीब चार साल पहले मेडिकल कालेज का दर्जा दिया गया था। उसके बाद लोगों में उम्मीद जागी थी कि अब व्यवस्थाएं पहले से बेहतर हो जाएगी। सोमवार सुबह राजकीय मेडिकल कालेज के महिला वार्ड के बाहर गर्भवती महिला जमीन पर चादर बिछाए हुए जमीन पर लेटे होने का वीडियो वायरल हुआ है। अब अधिकारी मरीज अधिक होने का तर्क दे रहे हैं। हाल यह है कि अस्पताल में महिलाओं को बेड तक नहीं मिल पा रहे हैं। कुछ बेड पर दो मरीजों को लिटाकर उपचार किया जा रहा है। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि उनके पास सीमित संसाधन हैं। उन्होंने अतिरिक्त बेड डलवाकर मरीजों को भर्ती कराया है।
सीएचसी से रेफर होकर आ रहे मरीज
-330 बेड के राजकीय मेडिकल कॉलेज में सोमवार शाम को 450 मरीज भर्ती थे। वायरल बुखार के कारण बेड खाली नहीं हो पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में अतिरिक्त बेड डाले गए हैं। अधिकारियों का तर्क है कि सीएचसी और पीएचसी से मरीज अधिक रेफर किए जा रहे हैं, जिसके चलते बेड फुल हो गए हैं।
-गंभीर मरीजों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा जाता है। अस्पताल में बेड फुल हो गए हैं तो स्वास्थ्य केंद्रों को गंभीर मरीजों को ही मुख्यालय पर भेजने के लिए निर्देश दिए जाएंगे। - डॉ. पीके वर्मा, सीएमओ