बुआ-फूफा के साथ अपने घर जा रही आठ वर्षीय बालिका की अज्ञात वाहन से टकराकर दर्दनाक मृत्यु हो गई। पुलिस ने दुर्घटना की सूचना पर अज्ञात वाहन चालक के विरूद्ध रिपोर्ट दर्जकर शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र के ग्राम बेलाडांडी निवासी रामनिवास की बहन कन्यावती की शादी मिर्जापुर क्षेत्र के ग्राम कुनिया नौआबाद निवासी देवेंद्र के साथ हुई थी। होली के त्योहार पर मायके गई कन्यावती अपने भाई रामनिवास की आठ वर्षीय बेटी शिवानी को अपने साथ ससुराल ले आई थी। बृहस्पतिवार को कन्यावती अपने पति देवेन्द्र के साथ शिवानी को छोड़ने बेलाडांडी उसके घर जा रही थी। गांव कुनिया नौआबाद से सभी लोग टेंपो में सवार होकर बदायूं रोड पर गांव थरिया आए। थरिया में जब देवेंद्र और कन्यावती टेंपो से सामान उतार रहे थे। इसी बीच शिवानी भी टेंपो से उतरकर रोड पर आ गई। बदायूं की तरफ से आए एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर शिवानी की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालोें को सौंप दिया। शिवानी का शव घर में पहुंचने से कोहराम मच गया। मां भिरती देवी का बेटी की मौत से रो-रोकर बुरा हाल है।