थाना सिंधौली क्षेत्र के कोरोकुइयां गांव में पुवायां रोड पर शुक्रवार को तेज गति से दौड़ती मारुति वैन एक अधेड़ व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। वहां पहुंची पुलिस ने वैन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया गया। कोरोकुइयां निवासी तांगा चालक 55 वर्षीय वकीउल्ला शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे गांव में प्राथमिक स्कूल के पास सड़क किनारे खड़े थे। तभी उन्हें पुवायां की तरफ से आई तेज रफ्तार मारुति वैन ने टक्कर मार दी। इससे वकीउल्ला गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ देर तक तड़पने के बाद मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसका पता लगने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने वैन चालक की घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने काफी देर तक शव नहीं उठने दिया। पुलिस के काफी देर समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। वकीउल्ला की मौत से घर में कोहराम मच गया। उनके तीन बेटियां और चार बेटे हैं।