बंडा। मारुति वैन में रसोई गैस रिफिलिंग कराते समय आग लग गई। इससे वैन सवार लोग उतर कर भाग निकले लेकिन एक महिला झुलस गई। महिला को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
गांव बसंतापुर निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि वह गांव के ही करीब 11 अन्य लोगों के साथ रविवार शाम को एक वैन बुक कर बरेली जा रहे थे। बरेली से उन लोगों को मजदूरी के लिए हरियाणा जाना था। भैयादूज पर उसकी भुता निवासी बहन रेखा देवी भी घर आई थी। वह भी भुता जाने के लिए वैन में बैठ गईं। बंडा में बिलसंडा मार्ग पर चालक ने वैन रोक दी और वैन में लगे सिलिंडर में गैस भरवाने की बात करने लगा। उन लोगों के मना करने के बाद भी ड्राइवर ने रसोई गैस सिलिंडर से वैन के सिलिंडर में गैस भरवाना शुरू कर दिया।
गैस रिफिलिंग के दौरान अचानक वैन में आग लग गई। इससे वैन में सवार लोग उतर कर भाग गए, लेकिन रेखा देवी आग की चपेट में आकर झुलस गईं। प्रदीप ने किसी तरह रेखा देवी को बाहर निकाला। इस बीच लोगों ने मिट्टी, पानी आदि डालकर आग पर काबू पा लिया। वैन का ड्राइवर मौका पाकर वैन लेकर भाग निकला। डॉक्टर ने रेखा देवी की हालत ठीक बताई है।