फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: आज तीन केंद्रों पर होगी उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा

Sun, 09 Jun 2024 04:16 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
जिला कोषागार में बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र लेकर पहुंची गाड़ी। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2024 के लिए प्रश्नपत्र शनिवार को कोषागार पहुंच गए। इन्हें डबल लॉक में रखवाया गया। साथ ही परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। रविवार को जिले के तीन केंद्रों पर परीक्षा संपन्न कराई जाएंगीं।
विज्ञापन


बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की ओर से रविवार को उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए एसएस कॉलेज में दो तथा जीएफ कॉलेज में एक केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तथा दूसरी पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक रहेगी। एसएस कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र-ए में 510 तथा बी में 482 परीक्षार्थी बैठेंगे, तो जीएफ कॉलेज में 510 परीक्षार्थी रहेंगे।
एसएस कॉलेज के प्राचार्य एवं परीक्षा के नोडल समन्वयक (जनपद) प्रोफेसर आरके आजाद ने बताया कि केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, महिला-पुरुष शौचालय, रैंप, बिजली, पंखा समेत अन्य मूलभूत आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण प्रशासनिक अधिकारियों ने किया है। परीक्षा को शांतिपूर्ण व नकलविहीन संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए दो परीक्षा केंद्र पर एक केंद्र प्रतिनिधि तथा एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट, दो-दो पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। इनके अलावा पर्याप्त पुलिस व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन

बताया कि जिला कोषागार के डबल लॉक में रखवाए गए प्रश्नपत्रों व अन्य परीक्षा सामग्री को केंद्र प्रतिनिधि के साथ दो-दो सशस्त्र गार्डों की सुरक्षा में लाया और वापस भेजा जाएगा।


होटल और धर्मशाला के कमरों में जगह नहीं
बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए जिले से बाहर के भी परीक्षार्थी यहां आए हैं। शनिवार को सुबह से ही उनका यहां आना शुरू हो गया। इस वजह से शहर में परीक्षा केंद्रों के आसपास के होटल और धर्मशालाओं में कमरे भर गए। खिरनीबाग स्थित एक गेस्ट हाउस के संचालक ने बताया कि उनके यहां हॉल के साथ ही कमरे भी फुल हैं।

यातायात व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
परीक्षा को लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों से रविवार को भी परीक्षार्थी आएंगे। एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय ने बताया कि आवागमन की व्यवस्था के लिए एआरएम रोडवेज व एआरटीओ को निर्देश दिए हैं। शहर में यातायात को सुचारू रखने तथा बस अड्डा, रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने को एसपी सिटी को निर्देशित किया गया है।
-
परीक्षा केंद्रों के पास बंद रहेगी फोटो कॉपी की दुकानें
बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान जिले में धारा 144 सीआरपीसी की निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। परीक्षा परिसर में कोई भी अनधिकृत व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन बंद रहेगा। परीक्षा के दौरान केंद्र के 500 मीटर की परिधि में फोटो काॅपी की मशीनें, साइबर कैफे आदि बंद रहेंगे। कोविड-19 प्रोटोकाल के समस्त निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें