सेहरामऊ पुलिस की गिरफ्त में चरस तस्करी का आरोपी। स्रोत पुलिस
शाहजहांपुर। एसओजी, सर्विलांस टीम और सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पांच किलो चरस के साथ अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से कार, मोबाइल आदि भी बरामद हुए। पुलिस का दावा है कि बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ रुपये कीमत होगी।
मुखबिर की सूचना पर चरस की खेप पास होने की सूचना पर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर सेहरामऊ तिराहे से कार रोककर तलाशी ली। कार से पांच किलो चरस बरामद की गई। पुलिस टीम ने मोहम्मद कलीम निवासी निवासी काशीराम नगर बाईपास तालीब सराय थाना कोतवाली जिला उन्नाव को हिरासत में लिया। वह पूर्व में कानपुर में रहता था। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि कलीम बिहार से चरस मंगाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों व दिल्ली-उत्तराखंड आदि में ऊंची कीमत पर बेचता था। बरामद कार उसके दोस्त की है। वह पिछले पांच साल से तस्करी का काम करते हुए दो बार जेल जा चुका है।
चार किलो चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार
भावलखेड़ा। एसओजी और थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने चार किलो चरस समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरसी मिशन थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि थाना पुलिस एवं एसओजी के संयुक्त टीम ने बाड़ीगांव मोड़ के पास अंजनी कुमार निवासी ग्राम चंपारण थाना रामगढ़वा जिला पूर्वी चंपारण प्रांत बिहार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चार किलो चरस बरामद हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह चरस उत्तर प्रदेश के कई जिलो व दिल्ली और हरियाणा में सप्लाई करता है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया है। संवाद