शाहजहांपुर के जलालाबाद और तिलहर क्षेत्र में पैर फिसलने से बाढ़ के पानी में डूबकर दो युवकों की मौत हो गई। गर्रा और रामगंगा नदी किनारे के गांव बाढ़ के पानी से घिरे होने के कारण पुलिस बमुश्किल मौके पर पहुंच सकी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
तिलहर थाना क्षेत्र के गांव धन्योरा का निवासी विकास उर्फ कुणाल (18) शुक्रवार सुबह दस बजे भैंस के लिए चारा लेने गया था। वापस आते वक्त गांव के पास गर्रा नदी के पानी में उसका पैर फिसल गया। गहरे पानी में पैर जाने के कारण वह बह गया। उसके साथी सुनील ने शोर मचाया तो आसपास के लोग आए। गोताखोरों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद नदी से उसका शव निकाला।
जलालाबाद के थाना क्षेत्र मिर्जापुर के गांव रामपुर ढका दांडी निवासी अमित (23) सुबह धान की फसल देखने के लिए निकला था। गांव के पास रामगंगा की बाढ़ के पानी में वह डूब गया। कई घंटे बाद जब ग्रामीण वहां पहुंचे तो उन्हें शव दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। दोनों स्थानों पर राजस्वकर्मी भी पहुंचे और मुआयना किया।