पढ़ाई के दबाव से तंग आकर निगोही के दो बच्चे स्कूल से भाग निकले। इन्हें आरपीएफ ने बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस से संदिग्ध अवस्था में उतारा है। घरवालों को सूचना दे दी गई। सरस्वती ज्ञान मंदिर निगोही के कक्षा छह के छात्र नीलेश वर्मा और सौरभ वर्मा करीब 10 साल के हैं। दोनों बृहस्पतिवार को स्कूल से भाग निकले और शाहजहांपुर आकर बरेली से वाराणसी जाने वाली एक्सप्रेस में बैठ लिए। रोजा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ प्रभारी नरेंद्र मलिक हमराहियों के साथ ट्रेन की निगरानी कर रहे थे। उन्होंने ट्रेन में सवार इन दोनों छात्रों को शक होने पर ट्रेन से उतार लिया। पूछताछ में नीलेश ने अपने पिता का नाम कीरत वर्मा और सौरभ ने पिता का नाम सर्वेश वर्मा बताया। उसने घर का फोन नंबर भी बता दिया। आरपीएफ के जवानों को दोनों बच्चों ने बताया कि वह पढ़ाई के दबाव में स्कूल से भागे हैं। उन्हें घर पर खेलने का समय नहीं दिया जाता था। आरपीएफ ने छात्रों के घरवालों को सूचना दे दी है। इसी दौरान उनके कुछ रिश्तेदार आरपीएफ चौकी पहुंच गए थे। उनकी सुपुर्दगी में बच्चों को दे दिया गया है।