तिलहर थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर गांव कपसेड़ा के पास सोमवार सुबह एक ट्रक और डीसीएम की भिड़ंत हो गई। इसमें डीसीएम चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि ट्रक में सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं थाना अल्हागंज क्षेत्र में रविवार शाम किसी अज्ञात वाहन ने एक अधेड़ व्यक्ति को कुचल दिया। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए। मुरादाबाद के नानक बाड़ी क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय अवधेश सुबह पांच बजे डीसीएम लेकर शाहजहांपुर होकर बरेली जा रहे थे। तभी कपसेड़ा गांव के पास बरेली की तरफ से आ रहा एक ट्रक उनकी डीसीएम से की भिड़ गया। दोनों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि डीसीएम चालक और ट्रक में बैठे लोग बुरी तरह घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया। जहां डॉक्टरों ने डीसीएम चालक अवधेश को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने अवधेश के परिवार वालों को सूचना दी। हादसे में घायल हुए ट्रक में सवार मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर निवासी बिलाल, नईम और सलमान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना अल्हागंज क्षेत्र के गांव ठिंगरी निवासी 50 वर्षीय गंगाचरन रविवार शाम पड़ोस के गांव दौलतपुर गए थे। वहां से रात करीब आठ बजे पैदल अपने घर लौट रहे थे। तभी फर्रुखाबाद स्टेट हाइवे पर गांव कोटा के पास उन्हें किसी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पता लगने पर परिवार वाले उन्हें जलालाबाद के नगरिया अस्पताल ले गए। जहां उन्हें डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इस हादसे का पता लगने पर घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी नन्ही देवी व एक बेटा और एक बेटी है।