पुवायां और खुटार में बुखार से दो-दो लोगों की जान गई
संवाद न्यूज एजेंसी
पुवायां/खुटार। पुवायां क्षेत्र में बुखार से शिक्षक सहित दो लोगों की मौत हो गई। वहीं खुटार में भी बुखार से दो लोगों ने दम तोड़ दिया।
पुवायां के मोहल्ला कसभरा मिशन निवासी 36 वर्षीय अमित सिंह चौहान क्षेत्र के एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक थे। उन्हें तीन दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों ने पहले उनका पुवायां के ही एक निजी अस्पताल में उपचार कराया। लाभ नहीं होने पर उनको शाहजहांपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। सोमवार को उनकी मौत हो गई।
उधर गांव घनश्यामपुर बुजुर्ग निवासी गौरव तिवारी के चार वर्षीय पुत्र शिवाय को कई दिन से बुखार आ रहा था। जांच में शिवाय को डेंगू की पुष्टि हुई थी। पुवायां और शाहजहांपुर के कई अस्पतालों में इलाज के बाद शिवाय को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान रविवार रात बच्चे की मौत हो गई।
खुटार के गांव रजमना निवासी वेद प्रकाश शुक्ला की डेंगू से मौत हो गई है। वेदप्रकाश के पुत्र राजा को एक सप्ताह पूर्व बुखार आया था। खुटार में इलाज के बाद लाभ नहीं होने पर वह राजा को बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए थे।
पुत्र का इलाज कराने के दौरान दो दिन पूर्व वेदप्रकाश की तबीयत भी खराब हो गई। उनको भी बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उनको डेंगू बताया था। राजा को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई थी। सोमवार को उपचार के दौरान वेदप्रकाश की मौत हो गई। वेदप्रकाश के बड़े पुत्र अंकित को भी बुखार आ रहा है।
रजमना में बुखार से राजरानी, हीरालाल, राजीव शुक्ला और करुणा शुक्ला की पहले ही मौत हो चुकी है। वहीं खुटार के बुखार से गांव कुइयां निवासी सत्यदेव गुप्ता के 24 वर्षीय पुत्र रिंकू गुप्ता की मौत हो गई है।
रिंकू को 28 अक्तूबर को बुखार आया था। परिजनों ने रिंकू को खुटार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। सोमवार को परिजन रिंकू को पीलीभीत के निजी अस्पताल ले गए थे। उपचार के दौरान रिंकू की मौत हो गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि सीएचसी पर आने वाले मरीजों की जांच की जा रही हैं और गांवों में कैंप लगाकर दवाएं वितरित की जा रही हैं।