शाहजहांपुर। ट्रेन संख्या 14692 मौर्यध्वज एक्सप्रेस में अलग-अलग कोच में सवार दो यात्रियों की तबीयत बिगड़ने पर ट्रेन को शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। जम्मूतवी से गोंडा जा रही ट्रेन के एम-1 कोच की बर्थ नंबर 57 पर रेखा गोयल यात्रा कर रही थीं। बरेली से ट्रेन निकलने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। कंट्रोल के आदेश पर ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर एक पर रोका गया, जहां डॉक्टर राजेंद्र माथुर ने उनका प्राथमिक उपचार किया। इसी ट्रेन के एस-6 कोच की बर्थ नंबर 35 पर लुधियाना से मुजफ्फरपुर जा रहे राहुल कुमार के अचानक दांत में तेज दर्द होने लगा। स्टेशन अधीक्षक एके गौतम ने बताया कि दोनों यात्रियों की हालत में सुधार के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया। संवाद