शाहजहांपुर। पिन डालने के बाद रुपये बाहर आते ही एटीएम का स्विच बंद कर दो युवकों ने पंजाब एंड सिंध बैंक को 99 हजार रुपये की चपत लगा दी। लगातार घटनाएं होने के बाद शाखा प्रबंधक ने सदर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो राज खुला। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
सदर बाजार में आर्य समाज के सामने स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के पास ही एटीएम लगा है जहां पिछले दो माह के कैश के मिलान में गड़बड़ी सामने आई। इस पर शाखा प्रबंधक अनिमेष अंचल ने सदर थाने में तहरीर दी। पुलिस की जांच में सामने आया कि युवकों ने ऑनलाइन खाता खुलवाया था।
डेबिट कार्ड के जरिये एक युवक रुपये निकालने के लिए मशीन में पासवर्ड डालता था, जब रुपये निकलने को होते थे, तब दूसरा युवक मशीन के पीछे लगा स्विच बंद कर देता था। ऐसा करने से रुपये निकल आते थे, फिर मशीन की बिजली बंद होने से रुपये नहीं निकलने का क्लेम कर खाते में रुपये पा लेते थे। हालांकि, सीसीटीवी कैमरों में उनकी हरकत कैद हो गई।
दीवार से दूर रखे एटीएम को बनाते थे निशाना
दोनों युवकों की गतिविधियां जनवरी से अधिक बढ़ गई थीं। उन्होंने दो से तीन बार पंजाब एंड सिंध बैंक के एटीएम से रुपये निकाले थे। अन्य बैंकों की मशीनों को भी निशाना बनाया था। युवक दीवार से दूर रखीं मशीनों को निशाना बनाते थे। उसमें पीछे की ओर स्विच मिलने में आसानी होती थी।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -बीएस वीर कुमार, सीओ सिटी