समाधान दिवस पर शनिवार को जिलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह और एसपी केबी सिंह ने कोतवाली परिसर में जनता की समस्याएं सुन कर अधीनस्थों को उनके सही व त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान कार्य में लापरवाही पर डीएम ने एक लेखपाल को सस्पेंड कर दिया जबकि एसपी ने दो एचसीपी को लाइन में आमद कराने के आदेश दिए। डीएम ने तहसील में सही काम न होने पर एसडीएम को भी चेतावनी दी। समाधान दिवस में छह शिकायतें दर्ज की गईं। पुवायां के मोहल्ला चौराहा बाजार निवासी राधामाधव रस्तोगी ने एक पूर्व विधायक पर चुनाव के दौरान 50 हजार रुपये लेने और वापस नहीं करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। एसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा जेंबा रोड पर जमीनी विवाद के एक मामले में अधिकारियों ने एसडीएम और सीओ को मौके पर भेजकर जांच कराई। नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुधीर गुप्ता ने पूर्ति निरीक्षक पर दफ्तर से गायब रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे गरीबों को राशन नहीं मिल रहा है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष दिनेश अवस्थी ने क्षेत्र में बुखार के रोगियों की बहुतायत देखते हुए पुवायां के सरकारी अस्पताल में स्टाफ बढ़ाए जाने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने और बिजली कटौती समाप्त कराए जाने की मांग रखी। बंडा के गांव भांवी में एक किसान की जमीन पर खड़ी फसल जुतवाने के मामले में डीएम ने लेखपाल को सस्पेंड करने के निर्देश दिए तो एसपी केबी सिंह ने पुवायां कोतवाली के एचसीपी ओमपाल और राजेंद्र सिंह को लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया।