सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस की गिरफ्त में अफीम तस्कर। स्रोत-पुलिस
शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी के बादशाहनगर चौराहे के पास कार सवार दो मादक पदार्थ तस्करों को पुलस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो किलो 200 ग्राम अफीम, कार और 40 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में अफीम की कीमत दो करोड़ 20 लाख रुपये होगी।
रविवार तड़के सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस, एसओजी व सर्विलांस सेल ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान कार सवार युवकों को रोका तो दोनों घबराकर भागने लगे। उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। दोनों की जैकेट की जेब में रखी अफीम को बरामद किया गया। सूचना पर सीओ सदर अमित चौरसिया भी मौके पर पहुंच गए। एसपी देहात मनोज अवस्थी ने बताया कि पुलिस टीम ने मिथलेश और पुष्पेंद्र निवासी सिमरा डभौरा थाना गढि़या रंगीन को गिरफ्तार किया है। दोनों झारखंड से अफीम को सस्ते दामों में खरीदकर लाते थे। वहां एक लाख रुपये किलो अफीम मिल जाती है जिसे जिले में अलग-अलग स्थानों पर बिक्री कर देते थे। पुलिस ने उनके पास से मिली कार को सीज कर दिया, जो पुष्पेंद्र के नाम हैं।