दो सौ करोड़ की लागत से होगा एलिम्को का आधुनिकीकरण
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि दिव्यांगों के भविष्य के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काफी गंभीर हैं। इसीलिए उन्होंने कृत्रिम उपकरण बनाने वाली कानपुर की एलिम्को संस्था को उच्च तकनीक के अंग और उपकरण बनाने के लिए 200 करोड़ की सहायता दी है। बीएस पब्लिक स्कूल में दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरित करने के बाद गुर्जर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार पूरे देश के दिव्यांगों के लिए एक समान यूनिवर्सल आईकार्ड तैयार करा रही है, इससे बिना किसी भेदभाव के दिव्यांगों को लाभान्वित किया जा सकेगा। इतना ही नहीं, मूक-बधिक दिव्यांगों के लिए छह लाख की लागत वाली मशीन उपलब्ध कराने की योजना चल रही है। यह मशीन छह साल तक के बच्चों को स्पीच थैरेपी और सर्जरी के बाद दी जाएगी, इससे बच्चा सामान्य बच्चों की तरह बोल और सुन पाएगा। श्री गुर्जर ने बताया कि एअर लाइंस, रेलवे के साथ ही सभी सरकारी भवनों को दिव्यांगों के लिए बाधामुक्त किए जाने की योजना भी चल रही है। उन्होंने बताया कि देश में हुए सर्वे के अनुसार 2.68 करोड़ दिव्यांग हैं, जिनके लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इतना ही नहीं, इन योजनाओं में पारदर्शिता लाने के लिए लाभान्वित होने वाले सभी दिव्यांगों का पूरा ब्यौरा आनलाइन किया गया है, जो कभी भी देखा जा सकता है। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के बावत राज्यमंत्री ने बताया कि इसके लिए केंद्र सरकार 25 हजार रुपये और क्षेत्रीय विधायक 10 से 12 हजार रुपये विधायक निधि से देंगे। इस तरह करीब 37 हजार की मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल जरूरतमंदों को दी जा रही है। उन्होंने कहा कि देश का कोई भी दिव्यांग सहायता से वंचित नहीं रखा जाएगा। इसके अलावा मेधावी द्यार्थियों के लिए कई प्रकार की छात्रवृत्ति, कौशल विकास कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। हायर एजूकेशन के लिए 25 लाख तक की फैलोशिप भी मेधावियों को दी जा रही है। इस अवसर पर जनजातीय मामलों के केंद्रीय राज्यमंत्री मनसुख भाई धांजी भाई बिसावां भी मौजूद रहे।