नेशनल हाईवे पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक व ईको कार। स्रोत: जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। निजी अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार के लिए खाना लेकर जा रहे बाइक सवार युवकों को ईको से टक्कर लग गई। हादसे में बाइक समेत दो लोग करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए। घबराकर भागे चालक ने एक और बाइक को चपेट में लिया। हादसे में एक युवक की जान चली गई। तीन लोगों का इलाज चल रहा है।
हरदोई जिले के थाना मझिला के गांव चेना निवासी धर्मप्रिय (24) सल्लिया स्थित कॉलेज में बीए में पढ़ते थे। उनके चाचा सुनील का पैर का ऑपरेशन हुआ है। वे बरेली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। धर्मप्रिय अपने गांव के दोस्त मुनीम के साथ उनके लिए खाना लेकर अस्पताल आ रहे थे। दोपहर करीब एक बजे नेशनल हाईवे पर गर्रा पुल के पास पीछे से तेज रफ्तार ईको से उनकी बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में धर्मप्रिय व मुनीम गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताते हैं कि टक्कर के बाद बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद ईको दूसरी बाइक से टकराई। उसमें सवार आरसी मिशन थाना क्षेत्र के सरायकाइयां निवासी रजत और सेहरामऊ दक्षिणी के आशीष भी घायल हुए। राहगीरों की सूचना पर राजघाट चौकी इंचार्ज शिवम यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने धर्मप्रिय को मृत घोषित कर दिया। लोगों ने भाग रहे आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताते हैं कि चालक शराब के नशे में था।
-
व्यापारी ने भुगतान लेने भेजा था
-हादसे में घायल रजत व आशीष एक व्यापारी की दुकान पर काम करते हैं। व्यापारी ने दोनों को बाजार भेजा था। वह हाईवे से घूमते ही लौट रहे थे। रास्ते में वह हादसे का शिकार हो गए।
नेशनल हाईवे पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक व ईको कार। स्रोत: जागरुक पाठक
नेशनल हाईवे पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक व ईको कार। स्रोत: जागरुक पाठक