शाहजहांपुर सदर बाजार पुलिस और सर्विलांस टीम ने नकली नोट चलाने वाले गिरोह का खुलासा किया है। ईदगाह के मेले में राजस्थान के दो लोगों को पुलिस ने 26,300 रुपये के नकली नोटों के साथ पकड़ा है।
एसपी एस. आनंद ने बताया कि रात में पुलिस टीम को मोहल्ला बीबीजई हदफ में लगे मेले में दो युवकों के नकली नोट चलाने की सूचना मिली थी। साइबर सेल के प्रभारी नीरज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेले में छापेमारी कर लोकेश कुमार सैनी और मुकेश कुमार मंगवा निवासी कस्बा व तहसील श्री माधोपुर जनपद सीकर, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास से पुलिस को 500 व 200 के 26,300 मूल्य के कुल 82 जाली करेंसी नोट बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।