ट्यूबवेल टैंक में डूबने से कारोबारी के बेटे की मौत
सेहरामऊ दक्षिणी कस्बा में सोमवार को नलकूप पर नहाने गए मेडिकल स्टोर मालिक के बेटे की पानी भरे टैंक में डूबकर मौत हो गई। टैंक में छलांग लगाने पर नाक में चोट लगने से रजत पानी के ऊपर नहीं आ सका। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। कस्बा निवासी मुन्नालाल का बाजार में मेडिकल स्टोर हैं। उनका 23 वर्षीय बेटा रजत कुमार भी मेडिकल स्टोर पर बैठता था। सोमवार सुबह करीब दस बजे रजत कस्बे के बाहर लगे सरकारी नलकूप पर नहाने चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रजत ने पानी के टैंक के अंदर छलांग लगाई, जिसके बाद वह बाहर नहीं निकला। उसे गायब देखकर वहीं पास में खेल रहे बच्चे घबरा गए। उन्होंने दौड़कर इसकी सूचना रजत के परिवार वालों को दी। मौके पर पहुंचे परिवार वालों ने किसी तरह रजत को टैंक से बाहर निकाला और उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया। मां जयश्री और पत्नी नेहा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रजत की दो साल पहले ही नेहा से शादी हुई थी। बहन रंजना और कल्पना भाई की मौत से बेसुध हो गई। डॉक्टर के मुताबिक छलांग लगाते समय रजत की नाक किसी चीज से टकराने पर चोट लग गई। इसी वजह से वह पानी के बाहर नहीं निकल पाया और उसकी मौत हो गई।