घटनास्थल पर मौजूद लोगों को समझाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपर में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंथरा गांव के पास शुक्रवार रात कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन कांवड़िये घायल हो गए। जिसके बाद गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जा रही थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली इलाके के बंथरा गांव के पास पहुंची ही थी कि वहां से गुजर रहे भूसे से भरे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ट्रॉली से गिरे कांवड़ियों को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगाते हुए ट्रक पर पथराव कर दिया।
बवाल के बाद आसपास के थानों की पुलिस फोर्स बुला ली गई। एसपी ग्रामीण संजीव कुमार ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देकर एक घंटे के बाद जाम खुलवाया। इस दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।