रोते-बिलखते निगोही के अनिल कुमार के परिजन।संवाद
निगोही (शाहजहांपुर)। निगोही इलाके के गांव बझेरा-बझेरी में रहने वाले अनिल कुमार पाठक (57) का फंदे पर शव लटका मिला। परिजनों ने सूदखोर पर हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस परिजन से विवाद के बाद आत्महत्या करने की बात कह रही है।
किसान अनिल कुमार पाठक का शव बुधवार सुबह गांव से एक किलोमीटर दूर उनके खेत के पास नीम के पेड़ से लटका मिला। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। मामले की सूचना पहुंची पुलिस ने फंदे से शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अनिल के भाई पप्पू पाठक ने गांव के एक सूदखोर कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पप्पू के मुताबिक 2014 में अनिल ने गांव के सूदखोर से 50 हजार रुपये कर्जा लिया था। कुछ समय बाद सूदखोर ने उनकी 22 बीघा जमीन पर गन्ने की फसल बो दी थी। अपनी बेटी की शादी का हवाला देते हुए उसने फसल का अंश भी नहीं दिया था।
अगली बार अनिल के फसल लेने पर उसने छह लाख रुपये वापस करने पर जमीन देने की बात कही। पप्पू का आरोप है कि सूदखोर ने उनकी तीन बीघा जमीन को अपने नाम कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन भी किया था। बुधवार को बैनामा कराना था। किसी बात से नाराज होकर सूदखोर ने अनिल की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया।
कल बेटी के लिए रिश्ता देखने जाना था
- अनिल पाठक के परिवार में पत्नी सीमा देवी, तीन बेटे व दो बेटियां हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी रचना की शादी के लिए शुक्रवार को रिश्ता देखने जाना था। बुधवार को अनिल की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा है।
अनिल ने गांव के एक व्यक्ति से रुपया उधार ले रखा था। इसी के एवज में तीन बीघा जमीन उसके नाम करना चाहते थे। रात में परिजनों से विवाद के बाद आत्महत्या की है। - अमित चौरसिया, सीओ सिटी