रोजा रेलवे स्टेशन पर खड़ी त्रिवेणी एक्सप्रेस
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। रेलवे के जीएम का निरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित होने जा रहा है। इसको लेकर साफ-सफाई व मेंटीनेंस का कार्य तेजी पर चल रहा है। शनिवार को रोजा-कहेलिया के बीच दोपहर 2.10 से शाम 4:40 बजे तक ढाई घंटे का ब्लॉक लेकर डाउन लाइन पर काम किया गया। इस बीच शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर अवध आसाम एक्सप्रेस को रोका गया। रोजा में टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस दो घंटे तक खड़ी रही। ट्रेनों के खड़े रहने से यात्रियों को परेशानी हुई। यात्रियों ने स्टेशन मास्टर और गार्ड से देरी का कारण जानना चाहा, तो बताया कि पटरियों पर कार्य चल रहा है, जिसकी समाप्ति पर ट्रेन को चलाया जाएगा। शाम 4:40 पर ब्लॉक समाप्त हुआ, तब ट्रेनें गंतव्य के लए रवाना हुईं। स्टेशन अधीक्षक जेपी सिंह ने बताया कि मरम्मत का कार्य होने के कारण त्रिवेणी एक्सप्रेस को रेलवे स्टेशन को रोका गया था।