तिलहर। कस्बे में तमाम स्थानों पर जमीन पर रखे खुले में ट्रांसफॉर्मर मौत को दावत दे रहे हैं। विभागीय अधिकारियों की इस लापरवाही से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। एक विधवा अपने मकान के दरवाजे के पास रखे ट्रांसफॉर्मर को हटवाने के लिए अधिकारियों और नेताओं के चक्कर लगा चुकी है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।
नगर में करीब 40 छोटे-बड़े विद्युत ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। इनमें से कई ट्रांसफॉर्मर जमीन पर खुले में रखे हैं या टूटे-फूटे फाउंडेशन पर टिके हैं। फेंसिंग (बाड़) न लगी होने के कारण आसपास बिजली के तार फैले रहते हैं। आरबीएम इंटर कॉलेज के मुख्य गेट के सामने खुले में रखे ट्रांसफॉर्मर के तार भी फैले हुए हैं। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक पिछले वर्ष ट्रांसफॉर्मर में आग लगने से कुछ बच्चे चपेट में आने से झुलस गए थे। लेकिन सुरक्षा के उपाय अभी तक नहीं किए गए हैं।
महर्षि दयानंद शिक्षा सदन की बाउंड्री के समीप कई मोहल्लों को जाने वाले संकरे मार्ग पर लगे ट्रांसफॉर्मर में कई बार आग लग चुकी है। स्कूल के बच्चे कई बार बाल-बाल बचे हैं। शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर को हटाने या सुरक्षित करने की जहमत नहीं उठाई गई है। राजनपुर रोड स्थित कैंब्रिज पब्लिक स्कूल के पास भी खुले में ट्रांसफॉर्मर रखा है। यहां भी स्कूल के बच्चों पर खतरा बना रहता है।
बारिश में मकान में उतर आता करंट
मोहल्ला बहादुरगंज निवासी गुड्डी के मकान के दरवाजे पर सौ केवी का ट्रांसफॉर्मर काफी समय से रखा हुआ है। गुड्डी का कहना है कि उनके पति की कैंसर से मौत हो चुकी है। घर में छोटे बच्चे हैं। बारिश के दौरान मकान में करंट उतर आता है। कई बार संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। तहसील मार्ग पर बिरियागंज पुलिस चौकी की बाउंड्री के पास रखे ट्रांसफॉर्मर के निकट कई दुकानें लगती हैं। कई बार ट्रांसफॉर्मर में आग लग चुकी है।
कॉलेज के मुख्य गेट पर दो विद्युत ट्रांसफॉर्मर खुले में रखे हुए हैं। पिछले वर्ष स्पार्किंग होने से कई बच्चे घायल हो गए थे। कई बार अधिकारियों को ट्रांसफॉर्मर हटाने के बारे कहा जा चुका है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। किसी भी समय किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। - लाल प्रभात चंद्र, प्रबंधक, आरबीएम इंटर कॉलेज
स्कूल की बाउंड्री के समीप विभागीय कर्मचारियों ने गत वर्ष जबरन ट्रांसफॉर्मर लगवा दिया। इसका विरोध भी किया गया। कई बार आग लग चुकी है। स्कूल के बच्चे चपेट में आने से बचे हैं। ट्रांसफॉर्मर हटाया जाना जरूरी है। -सत्य प्रकाश आर्य, प्रबंधक महर्षि दयानंद शिक्षा सदन
खुले में रखे ट्रांसफॉर्मर के चारों ओर फेंसिंग कराने को स्टीमेट भेजा जा चुका है। स्वीकृति के बाद फेंसिंग लगा दी जाएगी। बहादुरगंज महिला के मकान के बाहर ट्रांसफॉर्मर पहले से रखा हुआ था। यहां पर बाद में मकान बनाया है। उसे हटाने के लिए एस्टीमेट अमाउंट जमा करना होगा। अन्यथा उच्चाधिकारियों की अनुमति के बाद उसे हटाना संभव होगा। - सौरभ शाक्य, विद्युत उपखंड अधिकारी, तिलहर।
तिलहर के आर बी एम इंटर कॉलेज गेट के बाहर खुले में रखे ट्रांसफार्मर- फोटो : SHAHJAHANPUR