बुधवार को कोलाघाट के पैंटून पुल से गुजरते वाहन। संवाद
मिर्जापुर। ढाईघाट में चल रहे माघ मेले में वसंत पंचमी पर कोलाघाट होकर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग ने कोलाघाट पैंटून पुल के धंसे संपर्क मार्ग को मरम्मत कराकर सही करा दिया है। कोलाघाट के दोनों पैंटून पुल चालू हो जाने से श्रद्धालुओं को आवागमन में जाम का सामना नहीं करना पड़ा।
सोमवार को कोलाघाट के एक पैंटून पुल का संपर्क मार्ग धंस गया था। इससे पैंटून पुल के कई स्लीपर नदी में लटक गए थे। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने इस पैंटून पुल से आवागमन बंद करवा दिया था। अमर उजाला में मंगलवार के अंक में प्रमुखता से खबर छपने के बाद पीडब्ल्यूडी ने बुधवार को पैंटून पुल का संपर्क मार्ग ठीक कराकर आवागमन शुरू करा दिया। बुधवार को ढाई घाट में गंगा स्नान के लिए तमाम श्रद्धालु कोलाघाट पुल से होकर गुजरे।