गंदगी के विरोध में व्यापारियों ने पचराहा किया जाम
कई बार मांग किए जाने के बावजूद बहादुरगंज पचराहा के पास कूड़ादान नहीं रखवाए जाने से सड़कों की गंदगी आसपास के दुकानदारों को परेशान कर रही है। इसके विरोध में व्यापारी सड़क पर उतर आए और पचराहा पर प्रदर्शन करके जाम लगा दिया। व्यापारियों ने इस बाबत डीएम से मिलकर उनसे नगर पालिका परिषद के ईओ की शिकायत करने का निर्णय किया। शहर के मुख्य बाजार बहादुरगंज को विभिन्न इलाकों से जोड़ने वाले पचराहा की महत्वपूर्ण लोकेशन होने के कारण सभी रास्तों पर तमाम दुकानें हैं। दुकानों से निकलने वाला कूड़ा पचराहा पर चूने वाले फाटक के पास रखे कूड़ादान में डाला जाता था, जिसे एक साल पहले हटा लिया गया। तब से वहां की गंदगी सड़कों पर छितराई रहती है। तेज हवा चलने पर वही कूड़ा दुकानों के अंदर भर जाता है जिससे कारोबार कररना कठिन हो रहा है। इस संबंध में क्षेत्र के व्यापारी अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल युवा प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष अनवार खां के नेतृत्व में पालिकाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी से मिले। उनसे कूड़ादान रखवाने की मांग पर आश्वासन मिला, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई। इसी के विरोध में क्षेत्र के व्यापारी मंगलवार को सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन करके पचराहा के सभी रास्ते जाम कर दिए। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए व्यापारी नेता अनवार खां ने कहा कि अब आर-पार की लड़ाई होगी। इस बारे में जिलाधिकारी से मिलकर अवगत कराया जाएगा और बात नहीं बनी तो स्वास्थ्य मंत्री तक ज्ञापन के जरिए समस्या पहुंचाई जाएगी। करीब आधा घंटा के रोड जाम में नागरिकों को दिक्कत होते देख व्यापारियों ने रास्ता खोल दिया। प्रदर्शन में सतीश शर्मा, दिलशाद, फकरे आलम, रामकुमार, रमेश शर्मा, शान खां आदि शामिल रहे।