सड़क हादसे में कंफेक्शनरी व्यापारी की मौत
पुवायां रोड पर रामनगर तिराहा के पास बुधवार की रात तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर बाइक सवार कंफेक्शनरी व्यापारी की मौत हो गई। कार चालक मौके से फरार हो गया। मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला दिलाजाक में आर्यनगर कॉलोनी निवासी ओसीएफ के रिटायर्ड कर्मचारी रमेश चंद्र सक्सेना के 32 वर्षीय बेटे पीयूष सक्सेना उर्फ बासू की पुवायां रोड पर सिंचाई विभाग के डाक बंगला के पास कंफेक्शनरी की दुकान है। बुधवार रात करीब दस बजे बासू दुकान बंद करके बाइक से घर वापस जा रहा था। रामनगर तिराहा के पास पीछे आई एक तेज रफ्तार कार ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी। इसके बाद बासू को टक्कर मार दी। बासू घायल होकर रोड पर गिर गया। चालक मौके से कार लेकर फरार हो गया। घायल बासू को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
व्यापारी के घर में मचा कोहराम
हादसे के बाद बासू के घर में कोहराम मच गया है। मां कुसुम लता बेटे की मौत से बेसुध हो गईं हैं। मृतक के भाई आशीष, मनीष, बहन रूचि का रो-रोकर बुरा हाल है। खबर फैलते ही मोहल्ले वालों और रिश्तेदारों की भीड़ इकट्ठी लग गई। बासू की पांच साल पहले गाजियाबाद निवासी शिवानी से शादी हुई थी। दोनों के बीच तलाक का केस चल रहा है। जिसका 12 मार्च को कोर्ट में फैसला होना था।
हेलमेट लगाना भूल गया
बड़े भाई आशीष के मुताबिक बासू बगैर हेलमेट लगाए बाइक नहीं चलाता था। कल वह घर से हेलेमट लगाकर नहीं गया था। हादसे में बासू के सिर में ही चोट लगी है। अगर वह हेलमेट लगाए होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।