नहर में ट्रैक्टर पलटा, मजदूर की मौत
जैतीपुर क्षेत्र के गांव कीरतपुर में मंगलवार की सुबह असंतुलित ट्रैक्टर नहर में पलट गया। ट्रैक्टर पर सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव कीरतपुर निवासी सुरेश पाल का 22 वर्षीय बेटा रामू सिंह गांव के पास सलवंत सिंह के झाले पर मजदूरी करता था। सुबह करीब आठ बजे सलवंत सिंह के बेटे लखविंदर सिंह के साथ रामू ट्रैक्टर पर बैठकर खेत पर मजदूरी करने जा रहा था। गांव के बाहर शारदा नहर की माइनर में ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया। ट्रैक्टर चालक लखविंदर सिंह मौका देखकर कूद गया। मृतक के परिवार वालों के मुताबिक लखविंदर सिंह मौके से भाग गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर हटाकर जब तक रामू को बाहर निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई।