पार्षद सिद्धार्थ शुक्ला। स्रोत : स्वयं
शाहजहांपुर। आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी, बरेली मोड़ निवासी नगर निगम वार्ड संख्या 23 लालपुर के पार्षद सिद्धार्थ शुक्ला को शुक्रवार की रात फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी लोकेशन लेकर खिरनीबाग में हमला करने पहुंच गया। यहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। धमकी देने का आरोपी हिस्ट्रीशीटर अनिल घुरई हत्याकांड में जेल जा चुका है।
पार्षद सिद्धार्थ शुक्ला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार की रात करीब 11:32 पर उनके मोबाइल पर काॅल आई। काॅल करने वाले ने अपना नाम निखिल गुप्ता उर्फ चिकन बताया। आरोपी ने पार्षद से कहा कि उसने अनिल घुरई को गोली मारी थी। अब उसने सिद्धार्थ शुक्ला की सुपारी ली है। इसके बाद वह लोकेशन पूछने लगा। कहा कि एक घंटे के भीतर गोली मार देगा। सिद्धार्थ ने तत्काल ही चौक कोतवाली पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया और खिरनीबाग चौराहे के पास आकर खड़े हो गए।
यहां जैसे ही आरोपी अपनी कार से आया तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि मामले में पार्षद की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी का चालान कर दिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने नशे की हालत में पार्षद को फोन कर दिया था।
-
रंजिशन कुछ लोगों ने दिलाई धमकी
पार्षद सिद्धार्थ शुक्ला के मुताबिक कुछ लोग उनसे रंजिश मानते हैं। इसी के चलते उन्हें डराने के लिए धमकी दिलाई गई है। वह इस संबंध में कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं। जल्द ही उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई कराई जाएगी। पार्षद ने अपनी जान को खतरा बताया है।