शाहजहांपुर। हवा के कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने से मंगलवार को मौसम फिर करवट बदलेगा। मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि मंगलवार सुबह से बादल छाए रहने के साथ दिन में बारिश होने की संभावना बन गई है।
आसमान पर बादल रविवार शाम से छाए हुए हैं, लेकिन बारिश को ब्रेक लगा हुआ है। बादलों के कारण रात में उमस बढ़ी तो न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री बढ़कर 25.9 डिग्री सेल्सियस हो गया। सोमवार को भी दिन में बारिश थमी रही। इस बीच, दिन में कई बार बादलों के बीच से सूरज ने झांकने की कोशिश की।
इस कारण हल्की धूप निकलने से माहौल गरमाया तो अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़कर 32.8 डिग्री सेल्सियस हो गया।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. मनमोहन सिंह के अनुसार सोमवार को सुबह से शाम तक बैरोमीटर रीडिंग में कई बार काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। यह हवा के कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने और मौसम बिगड़ने का संकेत है। उन्होंने बताया कि पछुआ हवा की दिशा में देर रात तक कोई बदलाव नहीं होने पर मंगलवार सुबह से आसमान बादलों से घिर जाएगा और दिन में बारिश की संभावना बढ़ जाएगी। संवाद