कलान। मांगों को लेकर कुंडरिया गांव के शक्ति केंद्र प्रभारी विनोद गुप्ता उर्फ राजा भैया मंगलवार को पैदल तिरंगा यात्रा लेकर लखनऊ रवाना हो गए। उनके कई समर्थक भी साथ हैं। सभी लखनऊ में मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें 10 सूत्री मांगपत्र देंगे। मांगपत्र में परौर को ब्लॉक का दर्जा देने, परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह के पैतृक गांव खजुरी में उनके नाम पर मिनी स्टेडियम का निर्माण, प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र का निर्माण, खजुरी व परौर में छुट्टा गोवंश के लिए नंदीशाला व गोशाला बनाने, ग्राम पंचायत कुंडरिया के मजरा बोझी व नौगवां के मजरा बम्हनी नगला में विद्युतीकरण कराने, कुंडरिया में चकबंदी शीघ्र कराने, परौर पीएचसी पर डॉक्टर की तैनाती, हरनोखा गांव में नहर की टूटी पुलिया का निर्माण कराने समेत आदि मांगें शामिल हैं। संवाद