गांव छापाबोझी के पास बाघ के पगमार्क ट्रेस करते वनकर्मी। संवाद
खुटार। खुटार रेंज की फत्तेपुर बीट में जंगल के किनारे बाघ ने दो गायों को मार दिया। एक गाय को मारता देख पशुपालकों में भगदड़ मच गई और उन्होंने भागकर जान बचाई। तीन शावकों के साथ देखे जाने के कारण शिकार करने पशु को बाघिन माना जा रहा है।
कस्बे के मोहल्ला देवस्थान निवासी परसादीलाल राठौर बृहस्पतिवार को पशुओं को चराने जंगल किनारे खेतों में ले गए थे। इसी दौरान उनकी एक गाय जंगल की ओर बढ़ी तो वहां छिपी बाघिन ने गाय को पकड़ लिया और मार डाला। गाय के रंभाने पर पशु चरा रहे लोगों ने आगे बढ़कर देखा तो बाघिन अपने तीन शावकों के साथ गाय को मार रही थी। इस पर पशुपालक वहां से भाग गए। सूचना पर वन दरोगा नंदावल्लभ पांडे, संतोष कुमार गौड़ ने मौका मुआयना किया। वनकर्मियों ने जंगल किनारे खेतों की रखवाली करने वाले किसानों को सतर्क रहने की अपील की।
उधर, शुक्रवार सुबह बाघ ने गांव छापाबोझी के किनारे जंगल के पास एक गाय को मार डाला और जंगल में खींच ले गया। खेतों में काम कर रहे लोगों ने इसकी सूचना वनकर्मियों को दी। वनकर्मी मौके पर पहुंचे और पदचिह्न ट्रेस किए। वन दरोगा ने बताया कि बाघ होने की सूचना पर जांच की जा रही है।