ममरी। खेत की सिंचाई करने गए किसान के सामने सोमवार सुबह अचानक बाघ आ गया। बाघ देखकर उसके पसीने छूट गए। किसी तरह पेड़ पर चढ़कर उसने अपनी जान बचाई। किसान ने वीडियो भी बनाया है, जो वायरल हो रहा है।
मोहम्मदी रेंज क्षेत्र के देवीपुर निवासी अवधेश कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह अपने खाली पड़े खेत की ट्यूबवेल से सिंचाई कर रहा था कि अचानक बाघ आ गया। बाघ देखकर उसके होश उड़ गए। किसी तरह संभला तो पास के पेड़ पर चढ़ गया। बाघ भी आधे घंटे तक खेत के आसपास ही चहलकदमी करता रहा। करीब 45 मिनट बाद किसान पेड़ से उतरा और ग्रामीणों को सूचना दी। इस दौरान पेड़ से ही किसान ने बाघ का वीडियो भी बनाया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों का कहना है कि देवीपुर गांव जंगल के समीप है। यहां वन्य जीवों का आना-जाना अक्सर बना रहता है। ग्रामीणों को सतर्क रहना चाहिए और दोबारा बाघ दिखने पर वन विभाग को तुरंत सूचना दें।