जलालाबाद। सोमवार दोपहर जलालाबाद में खरीदारी करने आई रेखा से दो ठगों ने पांच हजार रुपये व कुंडल ले लिए। उसे रुमाल थमाकर भाग गए जिसमें कागजों का बंडल निकला। महिला के रोने पर वहां भीड़ लग गई। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है पर मामला दर्ज नहीं किया गया।
अफतियापुर गांव निवासी रेखा ने बताया कि उनके पति मिलाप सिंह दिल्ली में मजदूरी करते हैं। उसने सामान की खरीदारी के लिए गांव लहरावर स्थित जनसेवा केंद्र से अपने खाते से छह हजार रुपये निकाले और खरीदारी करने जलालाबाद आ गई। करीब एक हजार रुपयों का सामान खरीद लिया। महिला के अनुसार रामताल रोड से दो युवक उसके पीछे लग गए। जब वह बरेली रोड पर आर्य समाज मंदिर के पास थी तभी उन युवकों ने अपनी बातों में उलझा लिया। इस दौरान उसने पांच हजार रुपये और कान से सोने के कुंडल उतारकर उन युवकों को दे दिए। महिला का आरोप है कि उन लोगों ने उसे कोई नशीली चीज सुंघा दी। कुंडल और रुपये लेने के दौरान आरोपियों ने महिला को एक रुमाल पकड़ाया और मौके से खिसक लिए। रुमाल खोलकर देखने पर उसमें रुपयों की तरह कागज की मोटी गड्डी निकली। महिला के रोने पर वहां भीड़ लग गई और कुछ लोगों ने उसे थाने पहुंचा दिया। थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी ने बताया कि थाने में कोई महिला नहीं आई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।