बंडा के गांव चांदूपुर पड़री में मृत पड़े मोर
- फोटो : POWAYAN
बंडा। गांव चांदूपुर पड़री के पास तालाब में राष्ट्रीय पक्षी मोर के तीन शव मिले हैं। एक मोर घायल हालत में पड़ा मिला, जिसका पुलिस ने इलाज कराया है।
गांव पड़री चांदूपुर निवासी नवनीत ने यूपी-112 पर सूचना देकर बताया कि उनके गांव के बाहर सूखे पड़े तालाब में एक मोर घायल और तीन मृत अवस्था में हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मोर को पशु अस्पताल ले जाकर इलाज कराया। मृत मोर वन विभाग के सुपुर्द कर दिए गए हैं। मोरों के मौत की वजह पता नहीं लग सकी है, क्योंकि उनके शरीर पर चोट का कोई भी निशान नहीं था। आशंका है कि खेत में डाली गई जहरीली दवा के प्रभाव से मोरों की मौत हुई है। इलाज के वनकर्मियों ने घायल मोर को जंगल ले जाकर छोड़ दिया है। इस संबंध में रेंजर देवेंद्र सिंह यादव ने बताया मोर मरने की सूचना मिली थी। वन विभाग की टीम मौके पर गई है। मृत मोरों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।