शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला बाडूजई प्रथम निवासी रेहानत अली ने कनाडा भेजने के नाम पर ठगी करने वाले तीन लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया। रेहानत की तहरीर पर पुलिस ने बिहार के समस्तीपुर के दलसिंगसराय के कमराऊन मनहिया निवासी अजीर्जुरहमान अंसारी, तिलहर के कांकड़ मतनी मियां की मजार निवासी शालू व चीकू वाले बाग निवासी भूरे को नामजद किया।
रेहानत ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि आरोपी उनके पास आए और अजीजुर्रहमान को ट्रैवल्स का स्वामी बताया, साथ ही विश्वास दिलाया कि वह विदेशों में नौकरी लगवाने के लिए भेजते हैं। रेहानत ने विश्वास में आकर एक लाख रुपये कनाडा के वीजा के लिए दे दिए। इसके अलावा ममनून अली ने 96000 रुपये, सदाकत अली उर्फ शैजी ने 40 हजार व शाहरुख ने 50 हजार रुपये टूरिस्ट वीजा के लिए दिए। काफी समय के बाद भी कोई उत्तर न आने पर शालू व भूरे से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि शाहजहांपुर का आफिस बंद है। इसलिए गाजियाबाद से वीजा बनवा देंगे। उसके बाद भी वीजा बनकर न आने पर दोनों से संपर्क कर गाजियाबाद आफिस लेकर चलने की बात रखी। कहा कि वह अजीजुर्रहमान से खुद बात करेंगे। तब भूरे व शालू ने बताया कि नुकसान के कारण अजीजुर्रहमान ने फर्म को बंद कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।