बंडा में आग से तीस एकड़ गेहूं की फसल राख
मंगलवार दोपहर बंडा क्षेत्र में गांव सरदारपुर निवासी हरनेक सिंह और शमसेर सिंह के खेत में पंजाब से आई दो रीपर मशीनें गेहूं की नरई से भूसा बना रही थीं। अचानक रीपर मशीन के ट्रैक्टर से निकली चिंगारी से पीछे चल रही ट्राली में स्टोर हो रहे भूसे ने आग पकड़ ली। इस दौरान पछुआ हवा के तेज झोकों से भूसा भरी ट्राली से आग की लपटें निकलने लगी। चालक ने रीपर से ट्राली अलग कर दी और ट्रैक्टर सहित मौके से भाग गया। इस बीच ट्राली में लगी आग ने पड़ोस में खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। गेहूं में आग लगते ही आग ने और ज्यादा विकराल रूप धारण कर लिया। गेहूं के खेतों में आग का विकराल रूप देख आसपास के लोग कल्टीवेटर, स्प्रे मशीन, हैरों आदि लेकर मौके पर पहुंचे और खेतों की जुताई शुरू कर दी। दो घंटे बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सरदारपुर के पूर्व प्रधान मनजिंदर सिंह का 15 एकड़, प्रतिपाल सिंह, कर्मजीत सिंह का 12 एकड़ और भगवंत सिंह का तीन एकड़ गेहूं जल गया। ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने की सूचना एसडीएम को दी गई थी, लेकिन दो घंटे बीत जाने के बाद भी फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंची। किसी अधिकारी ने भी किसानों की सुध लेने की जरूरत नहीं समझी। एसडीएम सलिल पटेल ने बताया कि अग्निकांड की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को तत्काल मैसेज देकर बंडा पुलिस को मौके पर भेजा गया।