शाहजहांपुर। राजकीय व निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि चार अगस्त निर्धारित कर दी गई है। संचालित व्यवसायों में प्रवेश के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। साथ ही पंजीकरण शुल्क भी ऑनलाइन जमा होगा।
रोजा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य नागेंद्र सिंह ने बताया कि माह अगस्त-2024 से सभी व्यवसायों में प्रशिक्षण प्रारंभ हो जाएंगे। उससे पहले प्रशिक्षण सत्र के लिए अभ्यर्थी को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए वेबसाइट http://www.scvtup.in को खोला गया है। अभ्यर्थियों को इस वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन सबमिशन ऑफ एप्लीकेशन फॉर एडमिशन फाॅर सीजन 2024-25 फौर गवर्नमेंट/प्राइवेट आईटीआई पर क्लिक कर पहले अपना फार्म भर सकते हैं। अभ्यर्थी को ऑनलाइन आवेदन से पहले ओटीपी से मोबाइल नंबर का सत्यापन कराना होगा। फार्म भरने के बाद उसे प्रिव्यू वाले पृष्ठ पर अंकित प्रोसीड फॉर पेमेंट के लिंक पर क्लिक कर ऑनलाइन भुगतान करना होगा, जोकि डेबिट कार्ड, केडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग अथवा यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ ही अन्य बैंक के पेमेंट गेटवे की सुविधा रहेगी।
बताया कि आवेदन शुल्क का भुगतान होने पर अभ्यर्थी अपने फार्म का प्रिंट आउट ले सकेगा। अभ्यर्थी द्वारा ऑनलाइन आवेदन में की गई प्रविष्टियों में हुई गल्तियों के संशोधन के लिए दो दिन (48 घंटे) का समय दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन में सहायता के लिए विवरणी ई-फार्म में वेबसाइट www.scvtup.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी विवरणी को पूर्ण रूप से या जरूरत के मुताबिक कोई भाग प्रिंट कर सकते हैं, या डाउनलोड कर सकता है।
सामान्य व पिछड़ा वर्ग के लिए 250 तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के लिए 150 रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके लिए राजकीय व एडेड कॉलेजों से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन भुगतान करना होगा।