मकसूदापुर में बजाज मिल के गन्ना महाप्रबंधक को ज्ञापन देते भाकियू कार्यकर्ता। संवाद
मकसूदापुर/पुवायां। पिछले वर्ष के गन्ने का बकाया भुगतान नहीं होने पर भाकियू की ओर से ज्ञापन देकर जल्द ही भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
भाकियू के जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह ने बजाज चीनी मिल मकसूदापुर के गन्ना महाप्रबंधक को दिए गए ज्ञापन में बताया कि पिछले साल के गन्ने का करोड़ों रुपये मिल के ऊपर बकाया चल रहा है। जानकारी में आया है कि मिल की ओर से आंशिक भुगतान किया जाना है। इस समय किसानों को गेहूं फसल की बुआई करनी है और दीपावली का त्योहार भी आ गया है, इसीलिए आंशिक भुगतान से किसानों की समस्या का हल नहीं होने वाला है।
मिल की ओर से किसानों को जल्द भुगतान किया जाए। अगर समय से भुगतान नहीं किया गया तो भाकियू आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। जिसकी समस्त जिम्मेदारी मिल प्रबंधन की होगी। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष के साथ कुलदीप सिंह, सुखचैन सिंह, गौरव सिंह, निरंकार सिंह, हरिप्रसाद, प्रदीप सिंह, जाने आलम, करनैल सिंह सहित तमाम किसान मौजूद रहे।
इस संबंध में जीएम केन प्रवीण सिंह ने बताया कि दो चार दिन में कुछ भुगतान किया जाएगा। बाकी भुगतान दिसंबर के पहले सप्ताह में करने के साथ ही नया भुगतान भी करना शुरू कर दिया जाएगा। संवाद